अमेरिका के नॉर्थ कैलिफोर्निया में भूकंप के खतरनाक झटके महसूस किए गए हैं। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 7.0 आंकी गई है। यूएस वेदर सर्विसेज ने भूकंप के तुरंत बाद सुनामी का अलर्ट जारी किया था। भूकंप से अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। आसपास के इलाकों में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए, जिसके बाद लोग घरों से बाहर निकलने लगे।
बताया गया है कि गुरुवार (स्थानीय समयानुसार) सुबह 10:44 बजे फर्नडेल शहर के पश्चिम में भूकंप आया था। इसका केंद्र फर्नडेल से लगभग 100 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में था। फर्नडेल, हम्बोल्ट काउंटी का एक छोटा सा शहर है। यह जगह ओरेगॉन सीमा से 209 किलोमीटर दूर है।
भूकंप का असर दक्षिण में सैन फ्रांसिस्को तक महसूस किया गया। इसके बाद भी कई छोटे-छोटे भूकंप के झटके महसूस किए गए। अधिकारियों ने सुनामी का अलर्ट जारी किया था, जिसे बाद में कैंसिल कर दिया गया।
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, फर्नडेल सिटी में 1,300 लोग रहते हैं। उनके लिए सुनामी का अलर्ट जारी किया गया था। अलर्ट कैंसिल करने के बावजूद भी लोगों से समुद्री तट के पास न जाने की सलाह दी गई। भूकंप के कारण फर्नडेल में प्रॉपर्टी डैमेज हुई। भूकंप के झटके इतने तेज थे कि ग्रोसरी स्टोर में रखा सामान नीचे गिर गया। स्कूलों में बच्चों को बेंच के नीचे छुपाया गया। अभी तक किसी बड़े नुकसान या किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
सुनामी वॉर्निंग सिस्टम के मुताबिक, अगर भूकंप के बाद सुनामी की एडवाइजरी या अलर्ट जारी होता है और समुद्र में 1 मीटर तक ऊंची लहरें उठती हैं, तो इसे सुनामी कैटेगरी में रखा जाता है।
वैज्ञानिकों के अनुसार, भूकंप की असली वजह टेक्टोनिकल प्लेटों में हलचल है। इसके अलावा, उल्का प्रभाव, ज्वालामुखी विस्फोट, माइन टेस्टिंग और न्यूक्लियर टेस्टिंग भी भूकंप का कारण हो सकते हैं।